
Godda: गोड्डा शहर के सबसे व्यस्त इलाके कारगिल चौक के पास बुधवार को सरेशाम लूट और फायरिंग की घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। तीन हथियारबंद अपराधियों ने नगर थाना से महज कुछ ही दूरी पर स्थित बंगाल ज्वैलर्स में धावा बोल दिया।

बदमाशों ने पहले फायरिंग कर दहशत फैलाया फिर ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।

इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, हथियार लहराते हुए बाइक सवार अपराधियों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वहीं, भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सांसद निशिकांत दुबे ने भी इस घटना को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर लिखा ” मेरे लोकसभा क्षेत्र के गोड्डा में गोली चलाकर 1 करोड़ का ज़ेवरात लूटा गया। पूरे संथालपरगना में गुंडे,बांग्लादेशी घुसपैठिया सरकारी जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में पल रहे हैं । जानकारी के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी भी गोड्डा से ही विधायक हैं।”


