
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर कथित जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जसीडीह निवासी शुभम कुमार ने नगर थाना में आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले में शुभम कुमार ने बताया है कि वह देवघर स्थित वियोरे मॉल की तीसरी मंजिल पर संचालित द कॉनिक क्रिएशन में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके अनुसार 2 जुलाई को दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच वह कार्यालय से एलआईसी कार्यालय के समीप स्थित रॉक एंड टार फास्ट फूड में भोजन करने गए थे।

इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक, जिनमें अमित केसरी, अंकित केसरी तथा एक अज्ञात युवक शामिल थे, वहां से गुजरे।
शुभम का आरोप है कि होटल से बाहर निकलने के बाद उक्त युवकों में से एक अज्ञात व्यक्ति और एक अन्य युवक ने बिना किसी विवाद के उन पर कड़ा एवं पंच से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में उनका सिर फट गया तथा शरीर पर अन्य गंभीर चोटें आईं। मामले में कहा है कि घटना सार्वजनिक स्थल पर हुई है, जहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की संभावना है।
उन्होंने पुलिस से फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।


