
Deoghar : देवघर जिले के कुंडा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चांदडीह सरकंडा जंगल से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा तीन बाइक बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि 2 जुलाई की रात कुंडा पुलिस को सूचना मिली थी कि हथियार से लैस करीब आधा दर्जन अपराधी चांदडीह सरकंडा जंगल में एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलते ही एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में कुंडा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार-2, देवीपुर थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार-1, पुअनि सामु बांडो, सअनि विश्वभंर विश्वकर्मा, सअनि शिवयतन मुर्मू, हवलदार बजैन्द्र बैद्य, आरक्षी प्रवीण कुमार, राजीव मुर्मू तथा तकनीकी शाखा के रियाजुल हक शामिल थे।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस टीम के जंगल पहुंचते ही अपराधी भागने लगे। जवानों ने पीछा कर कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह बसमता निवासी अविनाश साह तथा दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कुरूमटांड़ निवासी अमर पासवान को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य अपराधी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा तीन बाइक, जिसमें एक सफेद रंग की अपाचे, एक काले रंग की पल्सर और एक काला-लाल रंग की पल्सर शामिल है, बरामद की है।
पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो पहले रेकी कर ज्वेलरी दुकानों में लूट, डकैती, छिनतई तथा गृहभेदन जैसी वारदातों को अंजाम देता है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्य बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ माह पूर्व मोहनपुर थाना क्षेत्र के चंदनाराय ठाढ़ी मोड़ स्थित ज्वेलर्स दुकान में हुई लूट की घटना में भी इसी आपराधिक गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।


