
Deoghar : मधुपुर में गिटार क्लास करने जा रहे 24 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाली गांव निवासी प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। घटना मधुपुर-जसीडीह रेलखंड पर शंकरपुर के समीप स्थित अर्जुन नगर हाल्ट के पास की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे प्रकाश कुमार तिरहुत एक्सप्रेस से मधुपुर जा रहा था। परिजनों के अनुसार, उसे रात 9 बजे ट्रेन में चढ़ाया गया था। देर रात तक जब वह अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा और परिजनों से उसका संपर्क नहीं हो सका, तो परिजनों ने कोलकाता तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

बुधवार सुबह जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी कि अर्जुन नगर हाल्ट के समीप ट्रेन से गिरने के कारण प्रकाश कुमार की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
जीआरपी ने शव को अपने कब्जे में लेकर देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के उपरांत जीआरपी ने शव परिजनों को सौंप दिया।
युवक की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। जीआरपी मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।


