
Deoghar: देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के महापुर पंचायत अंतर्गत हेठ नवाडीह गांव में मां-बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि 38 वर्षीय रुबेदा बीबी और उसके 12 वर्षीय पुत्र छोटू की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए SP को घटनास्थल पर बुलाने की मांग की।
मंगलवार सुबह SP प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि रुबेदा बीबी के पति रियाज अहमद की भी 15 जुलाई 2022 को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि रियाज अहमद हत्याकांड के कुछ आरोपितों को पुलिस चार वर्ष बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है और अब उसी घर में दूसरी घटना को अंजाम दिया गया है।
पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


