
Deoghar News : भीषण गर्मी के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), जसीडीह (पागल बाबा अस्पताल) की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मंगलवार सुबह करीब 10.30 बजे तक अस्पताल परिसर में मरीजों की लंबी कतार लगी रही, लेकिन न तो प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पहुंचे थे और न ही कोई अन्य चिकित्सक समय पर उपलब्ध थे।

इतना ही नहीं, जांच केंद्र भी बंद पाया गया, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से इलाज कराने पहुंचे मरीज घंटों इंतजार करते रहे। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आखिर कब तक आम जनता इस तरह की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का सामना करती रहेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

आपातकालीन परिस्थितियों में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल पाती, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का आरोप है कि कई बार रात में अस्पताल की व्यवस्था भगवान भरोसे नजर आती है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। अस्पताल में दिन और रात दोनों समय पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जांच सुविधाओं को नियमित रूप से संचालित किया जाए और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
स्वास्थ्य सेवा प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है। ऐसे में स्वास्थ्य संस्थानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न केवल आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती है, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।


