
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला देवघर-सारठ मुख्य मार्ग पर कुंडा थाना के सामने स्थित श्री राम ज्वेलर्स से जुड़ा है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान का वेंटीलेटर तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात की चोरी कर ली। घटना को लेकर दुकान संचालक पंकज कुमार ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

दिए गए आवेदन में पंकज कुमार ने बताया है कि रविवार रात वह प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने ऊपर देखा तो पाया कि दुकान का वेंटीलेटर टूटा हुआ है।

आशंका जताई गई कि अज्ञात चोर वेंटीलेटर के रास्ते दुकान में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। शिकायत के अनुसार चोरों ने दुकान में रखे करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी गए सामानों में चांदी की चार कटोरियां, करीब 600 ग्राम वजन की चांदी की पायल, 12 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, 12 ग्राम वजन का सोने का एक जोड़ा झुमका तथा चांदी के पांच ताबीज शामिल हैं। दुकानदार ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आवेदन के आधार पर आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ चोरी की घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
वहीं, मुख्य मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठान में हुई इस चोरी की घटना से आसपास के व्यवसायियों में भी चिंता का माहौल है। दुकानदार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए जेवरातों की बरामदगी तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास जारी है।


