
Deoghar: राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थ जागरूकता अभियान (10 जून से 25 जून 2026) के तहत सोमवार को देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं और आम नागरिकों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

जानकारी के अनुसार, देवघर अनुमंडल एवं मधुपुर अनुमंडल के अंतर्गत नगर थाना, मधुपुर थाना, बुढ़ई थाना, मारगोमुण्डा थाना तथा महिला थाना मधुपुर की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जागरूकता के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ संगठित करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।


