
Deoghar: देवघर नगर निगम द्वारा शहर में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा पिस्टल लहराने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। मामले पर पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच की बात कही है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें तथा दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए सामान को हटाया गया।

नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य राहगीरों और वाहन चालकों को जाम एवं अव्यवस्था से राहत दिलाना था, क्योंकि यह इलाका शहर का सबसे व्यस्त बाजार क्षेत्र माना जाता है। अभियान के दौरान कई दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम के टैक्स कलेक्टर ने बताया कि यह विशेष अभियान पहले से तय था और दुकानदारों को पूर्व में अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी जा चुकी थी।
उन्होंने कहा कि दोबारा सड़क पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसी बीच अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दुकानदार और कुछ लोगों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद के दौरान मौके पर तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा पिस्टल लहराने की घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में आई है और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


