
Deoghar: लोक आस्था का महापर्व चैती छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के बाद सम्पन्न हो गया है। इस मौके पर छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भीड़ दिखी।

मंगलवार की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया था। छठ पूजा को लेकर शिवगंगा घाट को खूबसूरत तरीके से सजाया गया था। छठ व्रतियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर नगर निगम एवं छठ पूजा सेवा समिति के द्वारा कार्य किया गया था।

पूजा को लेकर शिवगंगा के चारों ओर साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखा गया था।वही छठ व्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर छठ पूजा सेवा समिति के द्वारा सभी छठ व्रतियों को निशुल्क पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
मंगलवार को पहले अर्घ्य के दिन शाम को छठव्रती दंड देती हुई शिवगंगा तालाब पर पहुंची। उनके साथ सजे माथे पर डाला लेकर ढोल बाजे के साथ लोग बड़ी संख्या में शिवगंगा घाट पर पहुंचे और सूर्यदेव को पहला अर्घ्य दिया गया।

वहीं दूसरे दिन सुबह शिवगंगा पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए शिवगंगा के आस पास पुलिस की तैनाती की गई थी। सीता होटल,लक्ष्मीपुर चौक,पंडित शिवराम झा चौक, मानसरोवर चौक आदि स्थानों में बड़ी गाड़ियों का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया था, ताकि छठ व्रतियों को आने जाने में किसी प्रकार की कोई समस्या ना हो। साथ ही शिवगंगा में जाम की स्थिति उत्पन्न ना हो,इसके लिए बैरिकेड और पुलिस की तैनाती की गई थी।
पूरे शिवगंगा तट का माहौल छठ गीत से भक्ति मय बना हुआ दिखा।

आज बुधवार को उदीयमान सूर्य देव के अर्घ्य के साथ चार दिवसीय इस महा पर्व की समाप्ति हो गई।


