
Deoghar: देवघर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जसीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला सहित छह अंतरजिला गिरोह के कथित ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गुरुवार को अपने कार्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी ने पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 10 जून को सूचना मिली थी कि जसीडीह थाना क्षेत्र में स्टेशन के समीप स्थित एक धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में कुछ महिला एवं पुरुष ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले कारोबारियों से संपर्क कर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की फिराक में हैं।

सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी में छह लोग दबोचे गए
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से छह लोगों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। विधिसम्मत पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल मोहम्मद उर्फ चाचा साकिन सुगरिडीह थाना करमाटांड जिला जामताड़ा, रवि झा बरमसिया, बबलू चौधरी, अजय कुमार महथा साकिन सिंघवा थाना नगर देवघर, खुशबू देवी साकिन गिद्धनी थाना जसीडीह तथा इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान साकिन बीरानगड़िया थाना करों देवघर के रूप में हुई है।
रेल मार्ग से लाकर जिले में की जाती थी आपूर्ति
प्रेसवार्ता में एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गिरोह के सदस्य गुल मोहम्मद उर्फ चाचा एवं इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान अवैध रूप से रेल एवं अन्य मार्गों से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। गुल मोहम्मद उर्फ चाचा के विरुद्ध मारगोमुंडा थाना में धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वहीं अजय कुमार महथा के खिलाफ नगर थाना में पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में जसीडीह थाना कांड संख्या 198/2026 दिनांक 10 जून 2026 के तहत धारा 111(2)(बी), 3(5) बीएनएस-2023 एवं एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी छह नामजद आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी टीम में थे शामिल
छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी पुनि दीपक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक उदय कुमार सिंह, अमर कुमार, रामानुज सिंह, तकनीकी शाखा के संदीप कृष्णा, प्रियंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सामंत कुमार, अनिश कुमार सिंह सहित थाना सशस्त्र बल एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।
देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


