
Deoghar: देवघर पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र के अंतरराज्यीय बस स्टैंड बाघमारा के समीप छापेमारी कर 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउन शुगर की बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गयी है।

एसपी प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए भागलपुर जिले के सबौर निवासी छोटू कुमार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर के अलावा मोबाइल फोन बरामद किया गया।

एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि , 7 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि एक युवक ब्राउन शुगर लेकर भागलपुर से बस के माध्यम से देवघर पहुंचा है। वह साई विकास नगर स्थित मनोकामना साई मंदिर के सामने बांका मुख्य सड़क के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए, तत्काल एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इस दल ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी तलाशी लेने पर 12.02 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। बरामदगी के बाद युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पकड़े गये आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के सबौर क्षेत्र निवासी छोटू कुमार के रूप में की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार से ब्राउन शुगर लाकर पिछले तीन-चार वर्षों से देवघर में अवैध बिक्री कर मुनाफा कमाता रहा है।
जसीडीह थाना में कांड संख्या 195/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस अधिनियम व बीएनएस की अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
छापेमारी दल में देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार, तकनीकी शाखा प्रभारी एसआइ संदीप कृष्णा, बाबा मंदिर थाना के एसआइ प्रियरंजन कुमार, जसीडीह थाना के एसआइ राजेश कुमार, तकनीकी कोषांग के कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


