
Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक कार बरामद किया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को रविवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 की रात नगर थाना की रिजर्व गार्ड टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर रेलवे स्टेशन के समीप कुछ लोग एक सफेद रंग की फोर्नेक्स कार (संख्या जेएच-15एपी-5093) में बैठे हैं और अवैध हथियार के बल पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी एवं वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा तत्काल सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को रवाना किया गया।
पुलिस को देखकर भागने का प्रयास, घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस टीम रात करीब 10 बजे देवघर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन को मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार पांचों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान ऋषेश कुमार दास (24 वर्ष), अरविंद कुमार दास (26 वर्ष), गोलू मेहता उर्फ गोलू पाही (24 वर्ष), लल्ला झा (25 वर्ष) तथा रोहन तुरी उर्फ विजय तुरी के रूप में हुई है। सभी देवघर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
तलाशी में बरामद हुई अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान लल्ला झा के कमर के पास छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्टल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान वह हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पिस्टल की जांच में उसके मैगजीन में एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने अवैध हथियार, कारतूस तथा प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया।
पूछताछ में जमीन कारोबार से जुड़ी बातें आईं सामने
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने बताया कि वे जमीन कारोबार से जुड़े हैं। आरोपितों ने स्वीकार किया कि जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जा दिलाने के कार्य में वे एक-दूसरे का सहयोग करते हैं। पुलिस को आशंका है कि समूह किसी आपराधिक योजना को अंजाम देने की तैयारी में था, जिसके मद्देनजर सभी को गिरफ्तार किया गया। नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने, संगठित अपराध से संबंधित गतिविधियों तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सभी आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद रविवार को जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


