
Deoghar: देवघर जिले के मधुपुर शहर के डाक बंगला मैदान में मेला लगाने का खिलाड़ियों ने कड़ा विरोध किया है। रविवार को शहर के दर्जनों खिलाड़ियों ने नगर परिषद अध्यक्ष दरक्शां परवीन को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा। साथ ही एसडीओ मधुपुर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, जिला खेल पदाधिकारी देवघर और थाना प्रभारी ज्ञापन भेजा गया।

खिलाडियों का कहना है कि डाक बंगला मैदान मधुपुर का एकमात्र प्रमुख फुटबॉल मैदान है। हर रोज सैकड़ों बच्चे यहां खेल का अभ्यास करने व सुबह टहलने के लिए आते हैं। पुलिस व सेना की तैयारी करने वाले छात्र-छात्रा भी प्रत्येक दिन सुबह इस मैदान में अपने दौड़ की प्रैक्टिस करने आते हैं। लेकिन, मैदान मेला-सर्कस के लिए आवंटित हुआ तो खेल गतिविधियां ठप होंगी और मैदान की स्थिति खराब हो जायेगी।

खिलाड़ियों ने मांग की है कि जनहित और खेल हित में डाक बंगला मैदान को सिर्फ शारीरिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाये।
नाराज खिलाड़ियों ने अधिकारियों से उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।


