
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में चोरी और छिनतई की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ताजा मामले में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना ने नगर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है।

मामले को लेकर पीड़ित सुनील कुमार, जो व्यवहार न्यायालय गोड्डा से सेवानिवृत्त सहायक हैं, ने नगर थाना में मामला दर्ज कराई है। मामले के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ भुरभुरा मोड़ से कॉलेज मोड़ होते हुए तिवारी चौक की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान प्री गुरु एवेकस स्कूल के समीप मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनकी पत्नी के पास पहुंचे और गले से लगभग 25 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर तेज गति से फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई गई है। बदमाशों की बाइक की रफ्तार काफी तेज होने के कारण उसका नंबर नोट नहीं किया जा सका। पीड़ित ने मामले में पुलिस से जांच कर आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, नगर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। लगातार हो रही चोरी और छिनतई की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।


