
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के शेखपुरा जिला का निवासी है। वर्तमान में वह देवघर कॉलेज के पास नगर थाना क्षेत्र में रहकर अपना जीवन-यापन करता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात सौरभ कुमार बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में युवक बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे देवघर एम्स रेफर कर दिया गया।
चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे विशेष चिकित्सा देखरेख में रखा गया है।
पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


