Deoghar: राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षा, ग्रेजुएट एप्टिट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) जिसमें देश भर के लाखों इंजीनियर भाग लेते हैं, उसके ह्यूमैनिटी एंड सोशल साइंस स्ट्रीम में देवघर की बेटी प्रज्ञा भारती ने पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर (All India Rank 2) देवघर का नाम गौरवान्वित किया है। प्रज्ञा गुरुकुल देवघर, की छात्रा हैं।
इस परिणाम के बाद प्रज्ञा भारती आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi) में पीएचडी कोर्स में दाखिला लेंगी। प्रज्ञा के पिता अजय रंजन देवघर प्रधान डाकघर में पब्लिक रिलेशन इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। प्रज्ञा भारती की शुरूआती पढ़ाई डीएवी सातर से हुई, फिर संत जेवियर्स रांची से इंग्लिश ऑनर्स और दिल्ली यूनिवर्सिटी से इंग्लिश में मास्टर्स किया।
प्रज्ञा ने बताया कि “लॉकडाउन के दौरान पिछला 2 साल जीवन का सबसे कठिन दौर था। वे हमेशा से टॉपर रही, उसके बावजूद भी जब आप कोई काम नहीं करते हैं और घर में बैठ जाते हैं तो परिवार और समाज के लोगों का आप से भरोसा उठने लगता है। लेकिन जीवन के कठिनतम परिस्थितियों में ईश्वर आपको बहुत अधिक मेहनत करने की शक्ति भी देता है और इसी वजह से आज मैं गेट जैसी परीक्षा में पूरे देश में दूसरा स्थान ला पाई।”
प्रज्ञा ने गुरुकुल कोचिंग संस्थान के संचालक रवि शंकर और पूरी गुरुकुल टीम को धन्यवाद दिया जो केवल पढ़ाई के दौरान ही नहीं बल्कि उसके बाद भी एक मोरल सपोर्ट की तरह हमेशा साथ रहे और मार्गदर्शन करते रहे।
उन्होंने कहा कि आज मैं अपनी उपलब्धियों से बहुत खुश हूँ। आगे आईआईटी (IIT) में जाकर कुछ विशेष करूंगी और अपने क्षेत्र का नाम रौशन करूंगी।
वहीं, प्रज्ञा की इस सफलता पर उनके परिवार के साथ-साथ गुरुकुल में ख़ुशी की लहर है। गुरुकुल के संचालक रवि शंकर व डॉ. एकता रानी ने प्रज्ञा भारती को ढेर साड़ी शुभकामनायें दी है।