
Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 11 जिलों में रविवार को गर्जन के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची, बोकारो, लोहरदगा, गुमला, धनबाद, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा जिलों में रविवार को गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है।

विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में पांच जून तक मौसम के सक्रिय बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इस अवधि के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।


