
Deoghar : जसीडीह थाना क्षेत्र के कुरेबा गांव के पास शनिवार को एक टोटो के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उस पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान चांदपुर गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू कुमार टोटो से कुरेबा गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ के पास टोटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि सोनू कुमार टोटो के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद टोटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को टोटो के नीचे से निकालकर सहायता पहुंचाई।
इसके बाद उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।


