
Deoghar News : देवीपुर थाना में एक सड़क दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कराई गई है। जिसमें ट्रक चालक की कथित लापरवाही से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो जाने का आरोप लगाया गया है। दर्ज मामले में कहा है कि पति स्वर्गीय बाबूलाल यादव 7 मई 2026 की रात अपने चालक संजय यादव के साथ गिरिडीह से देवघर स्थित अपने घर लौट रहे थे।

चालक संजय यादव कार संख्या जेएच15एजी 3633 (मारुति सुजुकी सेलोरियो) चला रहे थे, जबकि बाबूलाल यादव आगे की सीट पर बैठे थे। बताया गया है कि रात करीब 11:30 बजे बुढ़ई पुल पार कर तिलौना मोड़, थाना देवीपुर क्षेत्र में पहुंचने के दौरान ट्रक संख्या जेएच 09 एएन 0713 के चालक ने कथित रूप से अचानक और लापरवाही पूर्वक ट्रक को पीछे किया।

इससे कार में जोरदार टक्कर लग गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और बाबूलाल यादव गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में ही फंस गए। घटना की सूचना मिलने पर देवीपुर थाना पुलिस के सहयोग से उन्हें कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए एम्स देवीपुर में भर्ती कराया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 14 मई 2026 को दोपहर लगभग एक बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में कहा है कि अंतिम संस्कार और श्राद्धकर्म की प्रक्रिया 27 मई को समाप्त होने के कारण आवेदन देने में विलंब हुआ। उन्होंने दावा किया है कि ट्रक चालक द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्ण तरीके से वाहन को बैक करने के कारण ही यह दुर्घटना हुई।
जिसके परिणामस्वरूप उनके पति की जान चली गई। पीड़िता ने देवीपुर थाना से मामले की जांच कर ट्रक चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


