
Deoghar: देवघर – दुमका रेलखंड पर जरुआडीह मिश्रबांध के समीप ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गयी। मृत युवक की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव निवासी संजय कुमार यादव के रूप में हुई है। मृतक ट्रैक्टर चालक के तौर पर काम करता था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रिखिया थाना के एक मामले में पुलिस द्वारा संजय कुमार यादव को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसकी संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया। थाना से बाहर निकलने के बाद परिजनों के जिम्मेनामा पर वह पत्नी और ससुर के साथ निकला था।

बताया जाता है कि थाना से निकलने के दौरान किसी बात को लेकर पत्नी और ससुर से उसकी बकझक हो गई। इसके बाद उसने दोनों को घर जाने के लिए कहा और थोड़ी देर में आने की बात कहकर दूसरी दिशा में चला गया। इसी बीच वह एक दुकान पर पहुंचा, जहां उसने शराब खरीदी और उसका सेवन किया।
कुछ देर बाद देवघर-दुमका रेलखंड पर जरुआडीह मिश्रबांध के समीप ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस को मृतक के पॉकेट से शराब की बोतल भी बरामद हुई है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसने शराब पीने के बाद आत्मघाती कदम उठाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक संजय कुमार यादव दुष्कर्म व हत्या मामले में जेल भेजे गए आरोपित श्रवण राउत का छोटा भाई था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।



