
Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सदर अस्पताल के शौचालय में 14 साल नाबालिग छात्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया। घटना शुक्रवार शाम की है। इस घटना के बाद हर कोई अचंभित है। छात्रा को परिजन अस्पताल कमर दर्द की शिकायत पर इलाज कराने लेकर आये थे।

जानकारी के अनुसार जिस छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया वह बेंगाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह नौवीं कक्षा की छात्रा है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल में गर्मी की छुट्टी होने के बाद छात्रा घर लौटी थी। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसने तेज कमर दर्द की शिकायत की। परिजनों ने तेज कमर दर्द को समान्य शारीरिक समस्या समझा, लेकिन ज़्यादा दर्द बढ़ने की शिकायत पर छात्रा को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में भर्ती होने के बाद देर शाम वह शौचालय गई, जहां उसने एक नवजात को जन्म दे दिया।

बताया जाता है कि नवजात को जन्म देने के बाद नाबालिग रक्तस्राव की गंभीर स्थिति में ही शौचालय से बाहर निकलकर जाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की नजर उस पर पड़ गई। नाबालिग की हालत देख कर्मियों ने तुरंत उसे रोका।
इसके बाद उससे पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। नवजात बच्चा शौचालय के पेन में फंसा हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों, अस्पताल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए शौचालय से नवजात को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर हस्तक्षेप के कारण मां और बच्चे दोनों की जान बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी। चिकित्सकों की सलाह पर नाबालिग और नवजात को एंबुलेंस के माध्यम से चैताडीह स्थित मातृत्व एवं शिशु अस्पताल भेजा गया। जहां नवजात को एसएनसीयू में भर्ती किया गया है। जबकि नाबालिग प्रसूता का इलाज जारी है। दोनों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
हैरान करने वाली इस घटना को लेकर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि नाबालिग इस स्थिति में कैसे पहुंची और उसके साथ कोई अपराध तो नहीं हुआ।



