
Deoghar: देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

वरीय पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के निर्देश पर 22 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों पर फर्जी तरीके से लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने का आरोप है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झांसे में लिया जा रहा था।
सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने सूरज कुमार एवं बिट्टू कुमार, दोनों निवासी घुटिया बड़ा असाहना थाना मोहनपुर, मुस्तकीम अंसारी निवासी लखीबाद थाना पालाजोरी तथा नुरूल अंसारी निवासी बड़ा डुमरिया थाना मसलिया जिला दुमका को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बिट्टू कुमार पूर्व में साइबर थाना कांड संख्या 142/24 में भी आरोपित रह चुका है।
गिफ्ट कार्ड और एयरटेल थैंक्स ऐप के जरिए करते थे ठगी
जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी गूगल पे, फोनपे और पेटीएम कस्टमर केयर अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके बाद फोनपे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर ठगी की जाती थी। वहीं फर्जी एयरटेल पेमेंट बैंक अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से कार्ड बंद कर पुनः चालू कराने के नाम पर भी लोगों को ठगा जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड तथा एक प्रतिबिंब सिम बरामद किया गया है। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुनि संतोष कुमार मंडल, मोहनपुर थाना के पुअनि सह थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम तथा पालाजोरी थाना के पुअनि सह थाना प्रभारी संजय कुमार शामिल थे।


