Deoghar News : मोहनपुर थाना क्षेत्र के सारुवा जोड़ी गांव में संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 60 वर्षीय शांति देवी, पति संदेव दास के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

वहीं, पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है। घटना के संबंध में मृतका के भतीजे अनिल दास ने बताया कि उनकी फुआ घर में सोई हुई थीं। देर रात अचानक उनके चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर घर के सभी लोग जुटे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं, मृतका के परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर हत्या करने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



