
Ranchi: झारखंड में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिले भीषण गर्मी और तेज धूप की चपेट में हैं। गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

शुक्रवार को रांची सहित गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप रहेगी और तापमान बढ़ेगा। हालांकि, दोपहर बाद तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में स्थिति सामान्य होगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा में लू चलने की संभावना है। रांची में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलता रहेगा। रांची में 26 मई तक दोपहर बाद बादल छाने और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।


