
Madhupur (Deoghar): देवघर जिले के मधुपुर शहर स्टेशन रोड स्थित पंपू तालाब में शनिवार सुबह बड़ी संख्या में मछलियों, कछुओं और अन्य जलीय जीवों को मरा हुआ देख, इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा तालाब में जहर डाले जाने की आशंका जतायी है, कहा कि जहर डालने से ही तालाब का पूरा पानी प्रदूषित हो गया और सैकड़ों जीवों की मौत हो गयी।

लोगों ने बताया कि सुबह जब आसपास के लोग तालाब पहुंचे तो उन्होंने पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां और कछुए देखे। इसके बाद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।
इधर, मरी हुई मछलियों से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और राहगीर काफी परेशान दिखे।
सूचना मिलने पर नगर परिषद के उपाध्यक्ष ऋषभ भारद्वाज और संबंधित विभाग के रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि यह तालाब रेलवे द्वारा लंबे समय से खुली नीलामी के माध्यम से दिया जाता रहा है और यहां बड़े पैमाने पर मछली पालन किया जा रहा था।
हालांकि, वर्तमान में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि तालाब फिलहाल नीलामी लेने वाले व्यक्ति के अधीन है या रेलवे प्रशासन के पास। घटना के बाद मछली पालन करने वाले व्यक्ति को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जतायी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मामले की जांच की मांग करते हुए जहर डालने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की अपील की है।
खबर लिखे जाने तक घटना को लेकर किसी भी पक्ष द्वारा आधिकारिक रूप से मामला दर्ज नहीं कराया गया है।


