
Deoghar: देवघर में झपट्टामार बेखौफ हो गए हैं। दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में भी छिनतई की घटना को अंजाम देने से बाज़ नहीं आ रहे। ऐसी ही एक घटना नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया इलाके से सामने आई है। जहां परमेश्वर दयाल रोड पर दिनदहाड़े झपटमारी की कोशिश की गयी।

हालांकि, बदमाशों की ये कोशिश तब नाकाम हुई जब, पीड़ित ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का मुकाबला किया और अपना पैसों से भरा बैग बचा लिया। घटना आशुतोष लेन निवासी संजय भगत के साथ हुई।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो युवकों ने सड़क से गुजर रहे संजय भगत को निशाना बनाया। संजय भगत साधना भवन स्थित स्टेट बैंक शाखा से 50 हजार रुपये निकासी कर घर लौट रहे थे। इसी क्रम में दोनों युवक पहले से ही घात लगाकर मौके पर मौजूद थे। जैसे ही परमेश्वर दयाल रोड में एक ब्रेकर के पास संजय ने अपनी बाइक धीमी की, पीछे से आ रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके रुपये से भरे बैग को झपटने का प्रयास किया।
अचानक हुए इस हमले में संजय नीचे गिर पड़े। लेकिन, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बैग को मजबूती से पकड़े रखा। अपराधी बैग छीनने की कोशिश करते रहे, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इस दौरान संजय भगत ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग सतर्क हो गए।
अपनी कोशिश में नाकाम हुए बदमाश तुरंत मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस घटना में पीड़ित को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उनकी सतर्कता और साहस के कारण बड़ी वारदात टल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



