
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 63 वर्षीय कुमारी निर्मला ने जमीन खरीद के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी और जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने नगर थाना में मामला दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में जसीडीह थाना क्षेत्र एफसीआई गोदाम पगला बाबा सिंहजोरी निवासी शंकर सिंह उर्फ सरोज कुमार और बिहार के जमुई जिला के चन्द्रमंडी थाना क्षेत्र के बुधुआडीह निवासी लालकिशोर यादव उर्फ लालो यादव का आरोपी बनाया है।

दर्ज मामले में निर्मला और उनके पति ने कहा है कि दोनों सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। कहा है कि अपने रिटायरमेंट के पैसे से जमीन खरीदना चाह रहे थे। इसी दौरान परिचित शंकर सिंह उर्फ सरोज कुमार ने लाल किशोर यादव के साथ मिलकर बिहार के जमुई जिले के चकाई स्थित 1.50 एकड़ जमीन दिखायी और उसे बेचने का प्रस्ताव दिया।
दोनों के कहने पर निर्मला ने 28 नवंबर 2022 से 15 अप्रैल 2023 के बीच चेक, गूगल पे और नकद के माध्यम से कुल 20 लाख रुपये का भुगतान किया। 20 अप्रैल 2023 को उक्त जमीन का निबंधन चकाई रजिस्ट्री कार्यालय में उनके नाम कर दिया गया।
लेकिन नामांतरण के दौरान अंचल कार्यालय ने आवेदन खारिज कर दिया और बताया कि जमीन पर पहले से ही न्यायालय में स्वत्व वाद लंबित है। जांच में यह भी सामने आया कि जमीन विक्रेता के नाम पर थी ही नहीं।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने जाली कागजात के आधार पर जमीन बेच दी और बाद में उसी जमीन को एक ट्रस्ट के नाम भी रजिस्ट्री कर दी। रुपये वापस मांगने पर टालमटोल की गई।
निर्मला के अनुसार, 9 मई 2026 को संध्या भ्रमण के दौरान आरोपियों ने उन्हें और उनके पति को धमकी दी कि अगर पैसे की मांग या कानूनी कार्रवाई की गई तो जान से मार देंगे। घटना के बाद दंपति भयभीत हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।



