
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय दासो मंडल की मौत हो गई। घटना बाईपास रोड स्थित हीरो शोरूम के पास की है, जहां एक अनियंत्रित ऑटो ने सड़क किनारे खड़ी बाइक लोड कंटेनर वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक दासो मंडल देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के कलहोड़िया गांव का निवासी था। घटना के कुछ घंटे बाद परिजनों ने घटनास्थल पर सड़क को जाम कर दिया।

स्वजनों का आरोप था कि हमेशा हीरो शोरूम संचालक के द्वारा बाइक लदे कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है। जिससे आधा सड़क अवरूद्ध हो जाता है। इससे हमेशा सड़क दुघर्टना की समस्या बनी रहती है।
परिजनों ने बताया कि वह एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए रिखिया थाना क्षेत्र के बाराछतमी गांव गया था। वहां से मंगलवार की रात कुंडा थाना क्षेत्र के बेंगी विशनपुर गांव बारात में शामिल होने के लिए ऑटो से गया था। बताया जाता है कि बुधवार की अहले सुबह वह ऑटो से वापस बाराछतमी गांव लौट रहा था। इसी दौरान बाईपास रोड पर हीरो शोरूम के सामने खड़े कंटेनर वाहन में ऑटो अनियंत्रित होकर पीछे से टकरा गया। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना के समय पीछे आ रहे एक अन्य ऑटो में सवार बारातियों ने गंभीर रूप से घायल दासो मंडल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परजिनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।


