
Koderma: कोडरमा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलवाबाद वार्ड नंबर 6 स्थित शमशाद आलम के मेहर गारमेंट्स गोदाम में मंगलवार अहले सुबह भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाने में घंटों लग गए।

जानकारी के अनुसार गोदाम मालिक शमशाद आलम रात में गोदाम बंद कर सोने चले गए थे। देर रात गोदाम से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने सूचना दी। गोदाम खोले जाने पर अंदर से आग की तेज लपटें उठ रही थीं। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। आग तेजी से फैलती ही चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गोदाम मालिक के अनुसार अगलगी की इस घटना में करीब 35 लाख रुपये मूल्य के रेडीमेड कपड़े जलकर खाक हो गए। शुरूआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। छानबीन की जा रही है।


