
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के एक मामले को पांच दिन बाद नगर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। मजे की बात ये है कि जिस मामले को पांच दिन बाद दर्ज किया गया है। उस मामले से जुड़ी चोरी की बाइक पुलिस को दो दिन पहले ही बरामद हो चुकी है। दरअसल, नगर थाना में बिहार के जमुई जिला के सोनो निवासी विजय कुमार मंडल ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है।

पीड़ित के द्वारा इसकी शिकायत 07 मई को नगर थाना में दिया गया था। लेकिन, नगर थाना पुलिस द्वारा घटना के पांचवें दिन बीत जाने के बाद मामला दर्ज किया गया।

पीड़ित के अनुसार 6 मई की रात वह बारात में शामिल होने रिखिया मोड़ आया था। रात करीब 10:30 बजे वह देवघर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक होटल में ठहरा। इस दौरान उसने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल को होटल के बाहर खड़ी कर दी। सुबह करीब 7 बजे जब वह उठा, तो उसकी बाइक वहां से गायब थी।
काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने आशंका जतायी है कि अज्ञात चोरों ने बाइक चोरी कर ली है और उसका गलत इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
मोबाइल छिनतई करने वाले के पास से बाइक बरामद
पीड़ित का मामला थाना में हल्के में लिया गया और घटना के पांचवे दिन बीत जाने के बाद 11 मई को मामला दर्ज किया गया। सबसे मजेदार बात यह है कि दो दिन पूर्व जिस पल्सर बाइक को पुलिस मोबाइल छिनतई करने वालों के पास से बरामद किया वह विजय मंडल का बाइक निकला। बाइक चोरी करने के बाद अपराधी उक्त बाइक का उपयोग मोबाइल छिनतई में करना शुरू कर चुके थे। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया था।


