
Latehar: झारखंड राज्य के लातेहार जिले के एक सरकारी स्कूल में बुधवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बरवाडीह प्रखंड स्थित लुहुर गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लुहुर के बरामदे का छज्जा अचानक गिरने से कई बच्चे घायल हो गए, जबकि दो छात्राओं को गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

घटना उस वक़्त हुई जब स्कूल में मध्याह्न भोजन चल रहा था। बच्चे बरामदे में बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी अचानक छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया।

गनीमत रही कि जिस स्थान पर छज्जा गिरा, वहां नीचे कोई बच्चा नहीं बैठा था, वरना हालात और भी गंभीर हो सकते थे। हालांकि, गिरते छज्जे के टुकड़ों से कई बच्चे घायल हो गए।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। प्रधानाध्यापक दिलेश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, दो छात्राओं को ज्यादा चोट आई है, एक के पैर में गंभीर चोट है, जबकि दूसरी के सिर पर गहरी चोट लगी है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह स्कूल भवन वर्ष 2004 में बना था और तब से इसकी समुचित देखरेख नहीं हो पाई है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बरामदे का छज्जा काफी समय से जर्जर स्थिति में था। कुछ साल पहले इसकी मरम्मत जरूर कराई गई थी, लेकिन अब भवन पूरी तरह कमजोर हो चुका है।


