
Deoghar: देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के झगराही गांव निवासी सुलेखा देवी ने पति धीरेंद्र मंडल द्वारा दूसरी युवती को भगाने की शिकायत दर्ज कराई है।

दर्ज शिकायत में पीड़िता ने जिक्र किया है कि उनकी शादी करीब 17 वर्ष पूर्व हिन्दू रीति रिवाज से धीरेंद्र के साथ हुई थी। दाम्पत्य जीवन के दौरान 17 वर्षीय एक लड़का व 12 वर्षीय एक लड़की भी है।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुत्री होने के बाद से ही लड़की की शादी के लिए धीरेंद्र द्वारा मायके से तीन लाख देने का दबाव बनाया जा रहा था। रुपए की मांग आदि को लेकर पीड़िता के साथ मारपीट भी की गयी। इसको लेकर पंचायती कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। लेकिन, इसी बीच बीते 30 अप्रैल को पति धीरेंद्र मंडल बगल गांव कुरुमटांड़ से 21 वर्षीय युवती को लेकर भाग गया है।
पीड़िता के अनुसार जब अपने पति से फोन में बात किया तो मामले को पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी गयी। पति ने कहा कि पुलिस को शिकायत करने पर दोनों बच्चों समेत पीड़िता को जान से मार दूंगा। उसके बाद से फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा है।
पीड़िता ने सोमवार को अपने माता पिता के साथ थाना पहुंच कर लिखित शिकायत देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इधर पुलिस गायब युवती के परिजनों एवं आरोपी धीरेंद्र मंडल की पत्नी द्वारा किए गए शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।



