
Godda: गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में NH-133 पर दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई है।

दोनों ही शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहे थे, तभी बालू से लदे हाइवा के चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। यह घटना गम्हरिया के समीप हुई, दोनों बुलेट बाइक पर नुनाजोर से पथरगामा की ओर जा रहे थे।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत महागामा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महागामा पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को महागामा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सत्यम कुमार यादव (22), पिता चंद्रशेखर यादव, ग्राम नूनाजोर, थाना महगामा, जिला गोड्डा, और दूसरा विपिन कुमार मंडल, पिता अनिल मंडल, ग्राम धुआवै, थाना सनोखर, जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई है। विपिन कुमार मंडल पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ कटिहार में रह रहे थे। वह अपने दोस्त मिथुन यादव की शादी के लिए लड़की देखने आए थे।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि गोड्डा की तरफ से एक बालू से लदा हाइवा आ रहा था और नुनाजोर की तरफ से दो युवक बुलेट पर सवार होकर सड़क की विपरीत दिशा से पथरगामा की ओर जा रहे थे, जहां तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी।


