रांची
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि राजनीति में छोटे दिल वाले बड़ा काम नहीं कर सकते। बड़ा काम करने के लिए, राज्य को विकसित करने के लिए दिल बड़ा होना चाहिए। राजनीति में राजनीतिक विद्वेष की भावना से काम होगा तो राज्य का राजनीतिक वातावरण प्रदूषित होगा।
दीपक प्रकाश ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में कहा कि यह मामला चार वर्ष पूर्व का है जिसमे उस वक्त सम्पन्न राज्यसभा चुनाव में विधायक निर्मला देवी ने आरोप लगाया था। रघुवर दास की सरकार के समय कानूनन कार्य में कभी अवरोध उत्पन्न नहीं किया गया। उस जांच में पिछली सरकार चाहती तो राजनीतिक हस्तक्षेप कर केस को ठंडे बस्ते में डाल सकती थी, लेकिन भाजपा सरकार इन चीजो में विश्वास नही करती।
उन्होंने कहा कि अब यूपीए गठबंधन में हेमन्त सोरेन की सरकार आई है। सभी को पता है उस केस में कुछ भी नही मिला। अब राज्य सरकार के इशारे पर इस केस में नई धाराएं लगाकर और नए षडयंत्र करके राजनीतिक शत्रुता का उदाहरण पेश किया जा रहा। भाजपा को न्यायलय और कानून पर पूरा भरोसा है। भाजपा की कभी भी कानून और न्यायपालिका में अवरोध करने की, मानसिकता नही है। न्यायालय में दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा, यह निश्चित है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्य सरकार के इशारे पर रघुवर दास पर पीसी एक्ट अलग से लगाया गया है, वह गैर कानूनी है।
उन्होंने कहा कि पीसी एक्ट वहां लागू होता है जहां क्राइम कमिटेड होता है। इस केस में क्राइम हुआ ही नही उस पर यह एक्ट लागू नहीं हो सकता। सिर्फ शंका के आधार पर पीसी एक्ट लागू नही होता। राज्यसभा चुनाव में निर्मला देवी अपने कांग्रेस के एजेंट को अपना वोट दिखाकर कांग्रेस के उम्मीदवार को अपना वोट दी है।इसका अर्थ है कि क्राइम हुआ ही नहीं। क्राइम तब होता जब निर्मला देवी भाजपा उम्मीदवार को वोट देती। इसलिए इस केस में कानून की नज़र में धारा का कोई उपयोग ही नहीं है। इसलिए भाजपा इस तरह की कारवाई की कड़ी शब्दो मे निंदा करती है।