
Deoghar: देवघर से गुजरात के अहमदाबाद के लिए सीधी हवाई सेवा (Deoghar to Ahmedabad Flight) जल्द शुरू होने की संभावना है। इस दिशा में बड़ी और निर्णायक प्रगति हुई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने देवघर-अहमदाबाद रूट पर उड़ान संचालन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

अब केवल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की औपचारिक स्वीकृति बाकी है, जिसके बाद इस रूट पर नियमित उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार अकासा एयरलाइंस ने देवघर-अहमदाबाद रूट पर नियमित उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। संभावना जताई जा रही है कि इसी एयरलाइन को इस रूट के लिए स्लॉट आवंटित किया जाएगा।
दिल्ली में आयोजित बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और गोड्डा के सांसद डॉ निशिकांत दुबे के बीच देवघर एयरपोर्ट के विस्तार और नयी उड़ानों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। इसी बैठक में देवघर से अहमदाबाद के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने पर सहमति बनी। मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गयी है और औपचारिक मंजूरी की दिशा में कदम तेज हो गये हैं।
डीजीसीए से औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद अकासा एयरलाइंस जल्द ही देवघर-अहमदाबाद उड़ान का शेड्यूल घोषित कर सकती है। फिलहाल देवघर एयरपोर्ट पर इस रूट के लिए स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। यात्रियों को संख्या लगातार बढ़ने के कारण स्लॉट मिलने में किसी बड़ी तकनीकी बाधा की संभावना नहीं मानी जा रही है। देवघर-अहमदाबाद हवाई सेवा शुरू होने से देवघर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देश के एक और बड़े महानगर से जुड़ जायेगी। इससे न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे संताल परगना क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कनेक्टिविटी बढ़ेगी, यात्रियों को मिलेगा फायदा
देवघर-अहमदाबाद हवाई सेवा शुरू होने से देवघर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यवसायिक केंद्र अहमदाबाद से सीधे जुड़ जाएगी। गुजरात में संथाल परगना क्षेत्र से बड़ी संख्या में छात्र, कामगार, व्यवसायी और नौकरीपेशा लोग रहते और काम करते हैं। जिन्हें इस सेवा से सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय बचाने वाली होगी।


