
Ranchi:झारखंड के कई जिलों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की आशंका जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है। इस बदलाव के असर से झारखंड का मौसम पलट गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल को राज्य के चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़ और रांची जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ गर्जन, वज्रपात और आंधी (अधिकतम गति 50–60 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। वहीं, राज्य के शेष भागों में भी कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और आंधी (अधिकतम गति 40–50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।
एक से पांच मई तक भी हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। अचानक बदले इस मौसम ने जहां तापमान में गिरावट लाई, वहीं कई जगहों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ।



