
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित सरकारी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक छात्र के बैग से 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामला बुधवार का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कक्षा नौ का एक छात्र प्रतिदिन की तरह किताबों से भरा बैग लेकर स्कूल पहुंचा था। शुरुआती एक-दो पीरियड की क्लास के बाद वह अपने बैग से पिस्तौल और कुछ नकद रुपये निकालकर दूसरे सहपाठी के बैग में रखने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान एक अन्य छात्र की नजर पड़ गयी। पहले तो उसने इसे खिलौना समझा, लेकिन गौर से देखने पर मामला संदिग्ध लगा। छात्र ने बिना देर किये शिक्षक और प्राचार्य को इसकी सूचना दी।
स्कूल प्रशासन ने तत्काल जांच की, जिसमें मामला सही पाया गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पिस्तौल को जब्त कर संबंधित छात्र को हिरासत में ले लिया और उसे नगर थाना ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस द्वारा किए गए पूछताछ के दौरान छात्र ने अन्य सहपाठियों के नाम भी बताये, जिसके आधार पर पुलिस ने दो-तीन अन्य छात्रों को भी हिरासत में लिया।
फिलहाल सभी छात्रों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले को हथियार सप्लाई नेटवर्क से जोड़कर भी जांच कर रही है।
हालांकि, हिरासत में लिये गये छात्रों की उम्र कम होने के कारण अधिकारी फिलहाल इस मामले में अधिक जानकारी देने से बच रहे हैं।


