
Deoghar: देवघर में बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए बाबा मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतरीन पहल शुरू की है। बैद्यनाथ मंदिर परिसर में “मिस्ट कूल सिस्टम” लगाने की तैयारी की जा रही है। जिसका उद्देश्य लंबी कतारों में खड़े भक्तों को राहत पहुंचाना है।

पहले चरण में इस सिस्टम को उन होल्डिंग प्वाइंट्स पर स्थापित किया जाएगा, जहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। जिसमें संस्कार मंडप, सुविधा केंद्र और प्रशासनिक भवन के आसपास के स्थानों को चिन्हित किया गया है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, अब तक इस तरह की कूलिंग व्यवस्था मुख्य रूप से श्रावण और भादो मेला के दौरान ही की जाती थी। लेकिन इस बार भीषण गर्मी को देखते हुए इसे सामान्य दिनों में भी लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे श्रद्धालुओं को उमस और गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में जरूरत के अनुसार इस सिस्टम का विस्तार मंदिर के अन्य हिस्सों में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक भक्तों को इसका लाभ मिल सके।
मिस्ट कूलिंग सिस्टम क्या है?
गर्मी के उमस भरे दिनों में मिस्ट कूलिंग सिस्टम किसी वरदान से कम नहीं होता। इनका कार्य बहुत सरल है: ये धुंध छोड़ते हैं और फिर वह धुंध एक निश्चित बाहरी क्षेत्र में फैल जाती है। एक अच्छा मिस्ट कूलिंग सिस्टम सबसे गर्म जगहों को भी 30 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा महसूस करा सकता है।
मिस्ट कूलिंग सिस्टम एक उन्नत वाष्पीकरण कूलिंग समाधान है जो उच्च दबाव वाले पंपों और विशेष मिस्टिंग नोजल का उपयोग करके हवा में अति सूक्ष्म पानी की बूंदों (माइक्रो-मिस्ट) का छिड़काव करता है। जब ये सूक्ष्म बूंदें गर्म हवा के संपर्क में आती हैं, तो वे तुरंत वाष्पित हो जाती हैं, ऊष्मा ऊर्जा को अवशोषित करती हैं और आसपास की हवा का तापमान स्वाभाविक रूप से कम कर देती हैं।


