
Deoghar: अलग-अलग सड़क हादसों में एक अधेड़ की मौत हो गयी। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में एक बुजुर्ग महिला व तीन युवती शामिल हैं।

मृतक 54 वर्षीय धीरेन दास जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाघमारी गांव का रहने वाला था। मृतक पेशे से राज मिस्त्री का काम करता था। घटना के संबंध में मृतक के बेटा पंकज दास ने बताया कि उसके पिता ग्रामीण शंकर दास के साथ अपने एक रिश्तेदार की बेटी का तिलक चढ़ाने के लिए शुक्रवार की रात को जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पथरी गांव गए थे। वहां से रात को दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

हादसे में दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए पहले सारवां सीएचसी ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान धीरेन की मौत हो गयी और शंकर दास का इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन देवघर सदर अस्पताल पहुंचे।
यहां हुआ अलग-अलग सड़क हादसा
वहीं अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के बिहायी गांव निवासी 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुमित्रा देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी है। बताया जाता है कि घर के पास उसे अज्ञात वाहन धक्का मारकर फरार हो गया। हादसे में वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयी है।
वहीं एक अन्य बाइक दुर्घटना में दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के झाली गांव निवासी ब्रह्मदेव रजक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जबकि स्कूटी से गिरकर देवघर नगर थाना क्षेत्र निवासी रितु कुमारी, सान्या कुमारी व जाहन्वी कुमारी घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


