
Deoghar: देवघर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और झारखंड एटीएस (Jharkhand ATS) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के बाद से ही शहर में हड़कंप मचा हुआ है।

गुरुवार को टीम ने शहर के दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। फिलहाल दोनों संदिग्धों को नगर थाना में रखकर एनआईए और एटीएस के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं ।

हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए आधिकारिक तौर पर अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया है। अब तक की कार्रवाई में किसी प्रकार का हथियार या आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद नहीं हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी को देवघर में अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े इनपुट मिले थे। इसी सूचना के आधार पर एनआईए और झारखंड एटीएस ने देवघर नगर थाना पुलिस के सहयोग से घेराबंदी शुरू की। टीम ने सबसे पहले नंदन पहाड़ के समीप स्थित नंदी नगर मोहल्ले में छापेमारी की। यहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया, जो अपने मामा के घर पर ठहरा हुआ था। इसके तुरंत बाद, टीम ने दूसरी कार्रवाई भुरभुरा मोड़ के पास की, जहां से एक अन्य संदिग्ध युवक को पकड़ा गया।
बिहार से जुड़े हैं तार
शुरुआती जांच में सामने आया है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, इस युवक के पिता देवघर के ही एक निजी स्कूल में वाहन चालक के रूप में कार्यरत हैं। युवक का परिवार वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र में अपना घर बनाकर रह रहा है। युवक कुछ दिनों से नंदी नगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।


