
Deoghar: देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में उस वक़्त सनसनी मच गयी जब एक ही दिन में तीन युवतियों के लापता होने का मामला सामने आया। बुधवार को अलग-अलग गांवों से तीन युवतियों के लापता होने का मामला दर्ज हुआ है। युवतियों के परिजनों ने थाना पहुंचकर आवेदन देकर अपनी-अपनी बेटी व बहन के गायब होने की शिकायत दर्ज करायी है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीनों युवतियां अलग-अलग गांवों से सामान्य रूप से घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों व परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गयी।

आवेदन मिलने के बाद मोहनपुर थाना पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और परिजनों से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है की एक युवती का सुराग बुधवार शाम तक मिल गया और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
हालांकि बाकी दो युवतियों के संबंध में अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पायी है। पुलिस उनकी तलाश के लिए लगातार कोशिश कर रही है।



