
Deoghar: देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के रौशन मोड़ के पास गुरूवार को टोटो और बाइक में टक्कर हो गयी। इस घटना में बाइक पर सवार दो युवक और टोटो सवार चार लोग घायल हो गये। सभी को एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

टोटो चालक घायल जसीडीह थाना क्षेत्र के बाराटांड़ निवासी सलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि वह टोटो पर सवारी लेकर नैवाडीह जा रहा था। उसी क्रम में पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने तेजगति से गाड़ी चलाते हुए टोटो में धक्का मार दिया।

इस घटना में टोटो पर सवार नैवाडीह निवासी जमीला बीबी, शबनम खातुन और अफसाना खातुन गंभीर रूप से घायल हो गयी।
वहीं बाइक पर सवार मधुपुर थाना क्षेत्र के उदयपुरा निवासी श्यामुद्दीन अंसारी और सहबाज अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को ऐंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज किया जा रहा है।


