
Deoghar: साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ देवघर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से साइबर ठगी के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। वहीं लोगों को साइबर ठगी के बारे में अभियान चलाकर जागरूक भी किया जा रहा है।

साइबर थाना की पुलिस ने साइबर ठगी के पांच आरोपितों को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपितों में जिले के सारठ थाना क्षेत्र के कालीजोत निवासी असलम अंसारी, मधुपुर थाना क्षेत्र के कोरकोटा निवासी राहुल कुमार दास, मोहनपुर थाना क्षेत्र के बाबुपुर निवासी आशीष यादव, कुशमाहा निवासी विपीन कुमार यादव और नितीश कुमार के नाम शामिल हैं।

पुलिस ने उनके पास से 07 मोबाइल फोन व 08 सिम कार्ड बरामद किया है। इन आरोपितों को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के पुरनीकरहैया स्थित जंगल से पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपितों ने पूछताछ के क्रम में बताया गया कि वे लोग मुख्य रूप से गूगल पर कंपनी के कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना नंबर डाल देते हैं। परेशानी होने पर लोग उस नंबर पर कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर समझकर काल करते हैं। उसके बाद वे लोग उनसे कंपनी का प्रतिनिधि बनकर बात करते हैं और फिर ठगी का शिकार बना लेते हैं।
पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया। छापेमारी दल में साइबर थाना के इंस्पेक्टर शिवदयादल कामत, एसआइ संतोष कुमार मंडल और साइबर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।


