नई दिल्ली: सूत्रों ने बताया कि युद्ध प्रभावित अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से एयर इंडिया की आखिरी उड़ान के आज रात नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। तालिबान के हमलों के चलते काबुल के लिए सप्ताह में तीन बार एयरलाइन की उड़ान पर अब अनिश्चितता बनी हुई है। सूत्रों ने कहा कि काबुल के लिए एक चार्टर उड़ान आज रद्द कर दी गई।
तालिबान आतंकवादियों ने आज अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर भी कब्जा जमा लिया है। तालिबान के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने दूतावास से राजनयिकों को हेलीकॉप्टर से निकाला है। अफगानिस्तान सरकार के एक मंत्री ने कहा कि सत्ता एक अंतरिम प्रशासन को सौंप दी जाएगी। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि विद्रोही “हर तरफ से” शहर में घुस रहे थे, लेकिन उन्होंने और कोई जानकारी नहीं दी।
तालिबानी आतंकवादी समूह के एक प्रवक्ता ने कहा कि वह काबुल के शांतिपूर्ण आत्मसमर्पण के लिए सरकार के साथ बातचीत कर रहा है।