
Deoghar: देवघर नगर थाना इलाके के खुरादाह स्थित झाड़ी नुमा जगह से पुलिस ने एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद किया है। महिला की हत्या कर फेंकने की आशंका है।

महिला को एसीड जैसे ज्वलनशील पदार्थ से जलाकर हत्या करने जैसा प्रतित होता है। बताया जाता है कि शौच के लिये गये आसपास के किसी व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, नगर थाना के एसआई मुकेश कुमार, सुमंत प्रसाद, मुकेश कुमार तिवारी, धनंजय मिश्रा अनुसंधान टीम के एसआई संदीप मुंडा, एसआई माइकल कोड़ा, एसआई महेन्द्र बैठा सदलबल पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के इलाके में जांच किया। घटना स्थल से पुलिस ने महिला का एक जोड़ी चप्पल, एक प्लास्टिक का बोरा बरामद किया है। शव को देखने से प्रतित होता है कि उसकी पहचान नहीं हो सके इसके लिये कमर से सिर तक एसीड जैसै ज्वलनशील पदार्थ से जला दिया गया है।
शव को देखने से लग रहा था कि उसकी हत्या कई दिनों पूर्व की गयी है। मृतका का दाहिना पैर कंबल से ढका हुआ था। मृतका हरे रंग का साया और गुुलाबी कलर की साड़ी पहनी हुई थी। जानवरों द्वारा उसके धड़ को नोच-नोच कर अलग कर दिया गया था। महिला की जबड़ा और आधा सिर शव से कुछ दूरी पर ही पड़ा मिला।
इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने कहा कि शव को देखने से प्रतित होता है कि उसकी हत्या कर पहचान छुपाने के लिये शव को जलाने का प्रयास किया गया है। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
जांच में पहुंची डॉग स्क्वायड टीम
दुमका से जांच के लिये डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया। खोजी कुत्ता घटना स्थल पर मिले महिला के चप्पल सहित अन्य सामान को सुंघाया गया। घटना स्थल से कुछ दूर चलने के बाद कुत्ता एक स्थान पर जाकर खड़ा हो गया। इससे पुलिस को कुछ भी पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है।



