
Chandigarh: हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्यमंत्री अनिल विज (Home and Health Minister Anil Vij) ने प्राचीन भाषा संस्कृत (ancient language sanskrit) को गूगल के ट्रांसलेशन ऐप (google translate app) की सूची में शामिल करने के लिए गूगल का आभार व्यक्त किया है। विज ने रविवार को ट्वीट किया- ‘ट्रांसलेशन ऐप की भाषाओं की सूची में हमारी प्राचीन भाषा संस्कृत को जोड़ने के लिए गूगल का धन्यवाद।’

उन्होंने कहा कि संस्कृत प्राचीन भाषा है। हिंदुस्तान का सारा ज्ञान संस्कृत भाषा में है। इस ऐप में सुविधा प्रदान करने से पुराने ग्रंथों का ज्ञान लोगों को जानने में सहयोग मिलेगा। ऋषियों ने तप करके अपना ज्ञान संस्कृत में लिखा है। अब संस्कृत के श्लोक अपनी पसंद की भाषा में ट्रांसलेट करके पढ़े जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि अब संस्कृत, भोजपुरी, डोगरी और अन्य सहित 24 और भाषाओं को गूगल के ट्रांसलेशन ऐप में जोड़ा गया है। टेक दिग्गज के ट्रांसलेशन टूल में अब कुल 133 भाषाएं हो गई हैं।


