
Deoghar: बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में RSSDI झारखंड चैप्टर द्वारा JHCON 2026 के 5वें वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित हो रहा है। सम्मेलन की मेजबानी देवघर द्वारा की जा रही है, जिसमें देशभर से मधुमेह (डायबिटीज) के क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ विशेषज्ञ, चिकित्सक एवं शोधकर्ता भाग लेंगे।

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 10 जनवरी 2026 को संध्या 7 बजे मैहर गार्डन में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नमन प्रियेश लकड़ा आइ ए एस उपायुक्त देवघर, तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिल कुमार विरमानी होंगे। डॉ. धन्वंतरी तिवारी, नेशनल वाइस प्रेसिडेंट, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), डॉ. नितिन एम. गांगने, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, एम्स देवघर एवं डॉ. एन. के. सिंह नेशनल वाइस प्रेसिडेंट RSSDI उद्घाटन समारोह में गेस्ट ऑफ ऑनर रहेंगे।


इस सम्मेलन में मधुमेह एवं उससे जुड़ी जटिलताओं, रोग की बढ़ती चुनौती, आधुनिक जांच पद्धतियों तथा उन्नत उपचार विकल्पों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही, मधुमेह से संबंधित नवीनतम शोध, तकनीक और क्लिनिकल अपडेट साझा किए जाएंगे, जिससे चिकित्सा जगत को महत्वपूर्ण दिशा मिलेगी।
एम्स देवघर इस सम्मेलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य मधुमेह रोग के प्रभावी निवारण, बेहतर उपचार रणनीतियों और मरीजों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से डायबिटीज पीड़ित मरीजों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।

आयोजन के पहले दिन आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी इन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अनुज माहेश्वरी ने कहा कि अनियमित खान पान एवं घटती शारीरिक गतिविधि के कारण डायबिटीज के मरीजों की संख्या में लगातार बृद्धि हो रही है। इसके नियंत्रण के लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता की आवश्यकता है।
इस दौरान आर एस एस डी आई, झारखण्ड चैप्टर के चेयरमैन डॉ विनय कुमार ढनढनीया, चेयरमैन इलेक्ट डॉ अजय छाबड़ा, सचिव डॉ अजय पटवारी, आर्गेनाइजिंग अध्यक्ष डॉ आर एन प्रसाद, उपाध्यक्ष डॉ सौरभ साह, आई एम ए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ धन्वंतरि तिवारी एवं देवघर के अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।
इसके बाद ऐम्स देवघर के सभागार में साइंटिफिक कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ अनुज माहेश्वरी एवं ऐम्स देवघर के निदेशक डॉ नितिन एम गंगाने के द्वारा किया गया। आज विद्यार्थियों के लिए डायबिटीज मास्टरक्लास, क्विज का कार्यक्रम हुआ। आयोजन से न केवल चिकित्सा जगत को नई जानकारी मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति प्राप्त होगी।
इस कार्यक्रम के आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. R.N. प्रसाद एवं सचिव डॉ. गौरी शंकर हैं। सम्मेलन में देशभर के 28 प्रतिष्ठित चिकित्सक बतौर वक्ता भाग लेंगे और मधुमेह से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं शोध साझा करेंगे।


