
Deoghar: विकसित भारत @2047 के मिशन के तहत भारत सरकार देवघर जिले के पुनासी में NTPC 1400 मेगावाट का न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने के लिए इच्छुक है।

पुनासी साइट पर संभावित न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट पर एनटीपीसी ने रिपोर्ट भी तैयार किया है। जिसमें जिक्र है कि झारखंड राज्य के देवघर जिला में NTPC ने पुनासी में एक साइट की पहचान की है। शुरुआती आकलन के अनुसार, पानी की उपलब्धता के आधार पर यह साइट न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए एक संभावित जगह हो सकती है। हालांकि, साइट की उपयुक्तता की पुष्टि AERB के दिशानिर्देशों के अनुसार विस्तृत अध्ययन के बाद ही की जा सकती है।

रिपोर्ट में साइट लेआउट को लेकर प्रस्तावित साइट का प्लांट बाउंड्री लेआउट का चित्र भी दिखाया गया है। कहा गया है कि 2 x 700 MW PHWR के लिए प्लांट एरिया के लिए कम से कम 1200 एकड़ ज़मीन की ज़रूरत होगी, और 100 एकड़ ज़मीन टाउनशिप डेवलपमेंट के लिए चाहिए होगी, जो साइट से 5 से 15 किमी दूर होगी। इसके अलावा, मेक-अप वॉटर पाइपलाइन और पंप हाउस के लिए भी ज़मीन की ज़रूरत होगी।
इस बात की जानकारी गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से देते हुए लिखा कि “प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत @2047 के मिशन के तहत ,गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के देवघर/ पुनासी में भारत सरकार का उपक्रम NTPC 1400 मेगावाट का न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने के लिए इच्छुक है । न्यूक्लियर पावर प्लांट से ही अब अमेरिका, ब्रिटेन,यूरोपीय देशों में बिजली की आपूर्ति होती है।”



