
Deoghar: अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गयी। वहीं एक अन्य युवक घायल हो गया।

घटना के संबंध में बताया गया कि रविवार की शाम को जिले के सारठ थाना क्षेत्र के जोगियाटिकुर गांव निवासी 26 वर्षीय शुभम कुमार बाइक के पीछे बैठकर अपने घर से सारठ बाजार की ओर जा रहा था। इस दौरान सारठ सीएचसी के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया। इस हादसे में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां से उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स भेज दिया गया। वहां से उसे इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। रांची रिम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गयी।
उसके बाद शव को वापस देवघर सदर अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि उसके सिर पर गहरी चोट लगी थी। मृतक अपने माता पिता का इकलौत बेटा था। वह अपने पीछे माता पिता के अलावा पत्नी व ढाई वर्ष की बेटी छोड़ गया है। हादसे के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं एक अन्य सड़क हादसे में जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढिया गांव निवासी रोहित मंडल घायल हो गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बाइक से गिरकर वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



